सोशल मीडिया पर छाने वाले बिग बॉस 16 के प्रतिभागी अब्दु रोजिक की जीवनी

Who Is Abdu Rozik

बिग बॉस सीजन 16 का प्रतिभागी अब्दु रोजिक अपने छोटे कद और बेहतरीन अभिनय के कारण हर‌ तरफ छाया हुआ है। हर कोई उसकी प्रशंसा कर रहा है। अब्दु रोजिक एक सोशल मीडिया स्टार हैं। जो अपनी गाने की अद्भुत कला के कारण प्रसिद्ध हुआ। वह कई भाषाओं में अलग-अलग लहजे में किसी गाने को गा सकता है। उसके नाम "विश्व के सबसे छोटे गायक का रिकॉर्ड" दर्ज है। अपनी काबिलियत के दम पर ही वो बिग बॉस सीजन 16 के पहले कंटेस्टेंट बन गये हैं। इंस्टाग्राम पर उसके 5.6 मिलियन फोलोअर्स हैं।

जब से वह सोशल मीडिया स्टार बना है तब से अब्दु रोजिक कौन हैं तथा अब्दु रोजिक की उम्र कितनी है, जैसे प्रश्न हर किसी की जुंबा पर है। क्योंकि कद से छोटे इस आदमी की आयु का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। इस कारण हर कोई उसके और उसकी उम्र के बारे में जानना चाहता है। इस पोस्ट में आगे हम इन सब विषयों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

• अब्दु रोजिक का प्रारंभिक जीवन एवं शिक्षा-दीक्षा : 

Abdu Rozik का जन्म 23 सितंबर 2003 को एशियाई मुस्लिम देश ताजिकिस्तान के पंजाकेंट जिले में एक किसान परिवार में हुआ। उसका परिवार मुस्लिम धर्म को मानता है। उसका पालन-पोषण ताजिकिस्तान में ही हुआ है। उसने प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने के लिए ताजिकिस्तान में ही एक स्कूल में दाखिला लिया था। उसके छोटे कद के कारण स्कूल के बाकी  बच्चे उसे काफी परेशान किया करते थे। इस कारण स्कूल जाने के मात्र 20 दिनों में ही उसने स्कूल छोड़ दिया था और उसकी शिक्षा अधूरी रह गई। स्कूल छोड़ने के बाद अब्दु ने पढ़ना-लिखना सीखा और अब भी सीख रहा है। अब्दु रोजिक ताजिक, फारसी तथा रसियन बोलने में सक्षम है। उसका बचपन‌ काफी संघर्षपूर्ण रहा। चूंकि उसके माता-पिता किसान थे, इसलिए उसका जीवन आर्थिक कठिनाइयों के बीच गुजरा। उसका एक भाई तथा दो बहनें हैं जो ताजिकिस्तान में ही रहते हैं। बर्ष 2022 में अब्दु रोजिक 19 साल के हो गए हैं।

• अब्दु रोजिक के छोटे कद का कारण :

अब्दु रोजिक बचपन में रिकेट्स नामक बीमारी से ग्रसित हो गये थे। इस बीमारी में हड्डियां का विकास रुक जाता है तथा हड्डियां नरम पड़ जाती हैं। यह मुख्यत: विटामिन-डी की कमी के कारण होता है। अब्दु के माता-पिता को इसका पता पहले ही चल गया था। लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसका समय पर इलाज नहीं हो पाया और उसका शारीरिक विकास रुक गया।

• अब्दु रोजिक का सिंगिंग कैरियर : 

अब्दु रोजिक को बचपन से ही गाने का बहुत शौक था। वह गाने को सुनता था और उसे अपने‌ स्टाइल में गाया करता था। हालांकि उसने गाने की शिक्षा कहीं से नहीं ली थी, फिर भी उसके गाने का तरीका काफी अलग था। वह रैपिंग स्टाइल में गाने गाता है। उसका परिवार काफी गरीब था। इसलिए उसने गाने की कला को ही अपना पेशा बना लिया। अपना तथा अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए वह गिसधर्वा के बाजार में गाने गाया करता था। लोग उसकी आवाज और एक्टिंग को काफी पसंद करते थे और उसका आनंद लेते थे। 

Abdu Rozik के सिंगिंग कैरियर की शुरुआत वर्ष 2019 में तब हुई, जब ताजिकिस्तान के एक लोकल सिंगर की नजर उस पर पड़ी। वह उसकी आवाज को सुनकर काफी प्रभावित हुआ। उसने अब्दु के गाने को रिकॉर्ड करके उसे सोशल मीडिया पर शेयर करना शुरू कर दिया। इसके बाद ही उसके सिंगिग कैरियर को एक नई उड़ान मिली। उसके गानों को कई सेलिब्रिटीज ने भी सोशल मीडिया पर शेयर करना शुरू कर दिया। इस कारण उसके गानों को लाखों व्यूस और लाइक्स मिले। इससे दुनिया के लोगों ने अब्दु और उसकी कला के बारे में जाना। उसे काफी प्रसिद्ध मिली और वो एक सोशल मीडिया स्टार बन गया।

• अब्दु रोजिक की उपलब्धियां :

Abdu Rozik ने गाने की कला के‌ कारण‌ अपने देश में एक अलग पहचान बना ली है। जिन बच्चों ने कभी अब्दु को स्कूल में उसके छोटे कद के कारण परेशान किया था, वे भी उसकी सफलता को देखकर काफी प्रेरित होते होंगे। उसका गिसधर्वा की गलियों से लेकर सोशल मीडिया स्टार बनने तक का सफर काफी संघर्षपूर्ण रहा है। उसकी सफलता उसके लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उसने विश्व के सबसे छोटे गायक होने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया है। 

उसने  संयुक्त अरब अमीरात के EXPO 2020 Convention में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। वहां पर उसकी काफी सराहना की गई। इसका आयोजन Dubai Exhibition Centre में हुआ था। उसका मानना है कि अपने सपनों को पूरा करने‌ के लिए UAE एक अच्छी जगह है। वो यहां पर व्यापार तथा पर्यटन उद्योग के लिए एक खास चेहरा बनना चाहता है। ताकि उसके व्यापार का प्रचार-प्रसार हो सके। वो एक सेलेब्रिटी बन कर अपना और अपने देश का नाम रौशन करना चाहता है। संयुक्त अरब अमीरात की सरकार ने भी उसकी इस पहल में उसका साथ देने का निर्णय लिया। इसलिए वहां की सरकार ने उसे गोल्डन वीजा प्रदान किया है। अब्दु रोजिक ने जब यह वीजा प्राप्त किया तो उसकी आयु मात्र 17 साल थी। इस प्रकार वह गोल्डन वीजा पाने वाला अपने देश ताजिकिस्तान का सबसे कम उम्र वाला प्रथम व्यक्ति बन गया है। यह उसके देश के लिए काफी गर्व की बात है। 

• अब्दु रोजिक का बिग बॉस 16 तक का सफर :

वर्ष 2021 में अब्दु रोजिक को दुबई में एक अवॉर्ड शो में आमंत्रित किया गया था। जहां उसकी मुलाकात सलमान खान से हुई, जो बिग बॉस शो को होस्ट करते हैं। वहां पर सलमान ने उसकी सिंगिंग को काफी पसंद किया और उसके साथ गाना भी गाया। उन दोनों का यह वीडियो काफी वायरल हुआ और सबने अब्दु की जमकर तारीफ की। इसके बाद अब्दु के भारत में भी लाखों‌ फैन बन गए।  तब से ही सलमान ने उसे अपने शॉ में लाने का मन बना लिया था। 2022 में जब शॉ के लिए कंटेस्टेंट चुने जा रहे थे तो सलमान खान द्वारा उसे प्राथमिकता दी गई। जिस कारण बिग बॉस सीजन 16 के पहले कंटेस्टेंट के रूप में शॉ में उसकी इंट्री हुई। 

• अब्दु रोजिक सभी बच्चों एवं युवाओं लिए प्रेरणा के स्त्रोत :

अब्दुल रोजिक उन सभी बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है, जो अपनी छोटी कद के कारण लोगों के बीच जाने से डरते और शर्माते हैं। उसका मानना है कि शिक्षा सभी बच्चों के लिए काफी जरूरी है और सभी बच्चों को स्कूल अवश्य जाना चाहिए। अब्दु को स्कूल छोड़ने का अफसोस अभी भी होता है। इसलिए वो अब भी पढ़ाई-लिखाई करता है और नई-नई चीजें सीखते रहता है। अब्दु ने आर्थिक कठिनाइयों के बीच जीवन व्यतीत किया है और हालातों से कभी हार नहीं माना। वह निरंतर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ता गया। अब्दु आज जिस मुकाम पर है, कईयों के लिए यह एक सपना है।

अब्दु रोजिक उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्त्रोत है, जो अपनी कठिनाइयों से हार मान लेते हैं और अपने लक्ष्य से भटक जाते हैं। उन्हें अब्दु से सीख लेनी चाहिए, जिसने छोटी कद के बावजूद अपनी मेहनत से बड़ा मुकाम हासिल किया है।

Post a Comment